वोट चोरी के आरोपों पर हरियाणा कांग्रेस आज घेरेगी चुनाव आयोग
पूर्व सीएम हुड्डा बोलेः चुनावी नतीजों पर उठे सवालों का अब तक नहीं मिला जवाब, आयोग के इस्तीफे और कार्रवाई की मांग
रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित राज्य चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव आयोग के इस्तीफे और कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतरेगी।
हुड्डा ने अपने विधानसभा क्षेत्र के पोलंगी, मुंगान, हुमायूंपुर और कंसाला समेत अन्य गांवों में लोगों को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद मतदान प्रतिशत में हुए बदलाव को लेकर आयोग से जवाब मांगा था, लेकिन अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
हुड्डा ने कहा कि 5 अक्टूबर 2024 को शाम 7 बजे मतदान प्रतिशत 61.19 प्रतिशत बताया गया था। रात 11:45 बजे यह आंकड़ा 65.65 प्रतिशत और 7 अक्टूबर को 67.90 प्रतिशत किया गया। चुनाव आयोग के आधिकारिक रिकॉर्ड में भी ये अलग-अलग चरणों के आंकड़े दर्ज हैं। आयोग के अनुसार मतदान समाप्त होने के बाद अधिकारियों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर प्रतिशत को अपडेट किया जाता है।
पूर्व सीएम हुड्डा ने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कहीं एक मकान में 501 मतदाता, एक महिला के नाम पर 223 मतदाता और विदेशी महिला की तस्वीर लगाकर 22 मतदाता दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मामलों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन गतिविधियों से हरियाणा में केवल वोट नहीं, बल्कि पूरी सरकार प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही के लिए हर मंच पर संघर्ष करेगी। इस दौरान पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।

Girish Saini 

