रोहतक बार की चौधर सजी हरिस्वरूप हुड्डा के सिर, 957 वोट लेकर पूर्व प्रधान दीपक हुड्डा को हराया
साढ़े चार घंटे की देरी के बाद हुई मतगणना, देर रात तक चला जश्न।
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक जिला बार एसोसिएशन की चौधर वरिष्ठ अधिवक्ता हरिस्वरूप हुड्डा के सिर सजी है। उन्होंने प्रधान पद के चुनाव में 957 वोट हासिल कर पूर्व अध्यक्ष दीपक हुड्डा को कड़ी शिकस्त दी। शुक्रवार देर रात परिणाम घोषित होते ही बार परिसर में जश्न शुरू हो गया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ नवनिर्वाचित प्रधान का स्वागत किया और उन्हें कंधों पर उठाकर खुशी मनाई।
चुनाव में मनीष कौशिक उप-प्रधान (पुरुष), किरण श्योराण उप-प्रधान (महिला), करण सिंह नारंग महासचिव, प्रियंका संयुक्त सचिव और हेमंत लडवाल पुस्तकालय प्रभारी चुने गए।
शुक्रवार सुबह 8 बजे शुरू होने वाली मतदान प्रक्रिया करीब एक घंटे की देरी से 9 बजे शुरू हुई और शाम 5 बजे तक चली। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू होनी थी, लेकिन रिटर्निंग ऑफिसर ओ.पी. पूनिया ने काउंटिंग टालते हुए ईवीएम पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल भेजने का निर्णय लिया। इससे उम्मीदवारों और अधिवक्ताओं में रोष फैल गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता मतगणना स्थल के बाहर धरने पर बैठ गए।
मामला बढ़ने पर जिला प्रशासन ने हस्तक्षेप किया। एसडीएम आशीष कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाकर मौके पर भेजा गया। उन्होंने बार एसोसिएशन के संविधान के नियमों की समीक्षा के बाद मतगणना शुरू कराने के निर्देश दिए। इसके बाद मतदान समाप्त होने के करीब साढ़े चार घंटे बाद काउंटिंग शुरू हो सकी।
चुनाव में बार एसोसिएशन के आठ बार प्रधान रह चुके अधिवक्ता लोकेंद्र सिंह फोगाट का समर्थन भी हरिस्वरूप हुड्डा के पक्ष में रहा। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने हरिस्वरूप हुड्डा और लोकेंद्र सिंह फोगाट को कंधों पर उठाकर जश्न मनाया।

Girish Saini 

