महम-किलोई में 40 करोड़ की परियोजनाओं को हरी झंडी

मंत्री श्रुति चौधरी ने 18 विकास कार्यों का किया उद्घाटन-शिलान्यास

महम-किलोई में 40 करोड़ की परियोजनाओं को हरी झंडी

रोहतक, गिरीश सैनी। सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने बुधवार को महम, कलानौर और गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें जलभराव से बचाव, सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने और नहरों के पुनर्निर्माण से जुड़े कार्य शामिल हैं।

महम स्थित विश्राम गृह में मंत्री ने 24.18 करोड़ रुपये से अधिक की 12 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके अलावा 4.60 करोड़ रुपये की लागत से बीसीपाल माइनर की बुर्जी जीरो से 3800 तक पुनर्स्थापना तथा 1-आर न्यू मोखरा माइनर की बुर्जी जीरो से 13700 टेल तक रीमॉडलिंग कार्य का शिलान्यास किया। इनसे भैणी सुरजन, भैणी चंद्रपाल, भैणी महाराजपुर, सैमाण, भैणी मातो और बहलबा सहित कई गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा।

गढ़ी-सांपला-किलोई क्षेत्र में मंत्री ने 4.20 करोड़ रुपये से अधिक के छह बाढ़ बचाव कार्यों का उद्घाटन किया। वहीं 3.70 करोड़ रुपये से अधिक के चार कार्यों का शिलान्यास किया। इनके पूरा होने पर संबंधित गांवों में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

इस दौरान मंत्री ने किसानों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने पौधारोपण भी किया। इस दौरान उपायुक्त सतबीर सिंह, एसपी गौरव राजपुरोहित, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजु हुड्डा, सहित अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।