गीता जयंती में महिला कलाकारों की अधिक भागीदारी प्रदेश सरकार की महिला सशक्तिकरण नीति का मजबूत संकेतः रेणु भाटिया
रोहतक, गिरीश सैनी। महिला आयोग की अध्यक्षा रेणु भाटिया का कला परिषद, रोहतक कार्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री के ओएसडी व रोहतक मंडल के निदेशक गजेंद्र फौगाट ने स्वागत किया। फौगाट ने आगामी गीता जयंती समारोह में महिलाओं की भागीदारी संबंधी विस्तृत रिपोर्ट उन्हें सौंपते हुए तैयारियों की जानकारी दी।
महिला आयोग की अध्यक्षा ने कहा कि हरियाणा सरकार की कला परिषद में महिला और पुरुष कलाकारों के बीच किसी प्रकार का भेद नहीं किया जाता। दोनों समान रूप से सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभागिता करते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आयोजित की जा रही गीता जयंती में महिला कलाकारों की भागीदारी पुरुषों से अधिक है, जो कि प्रदेश सरकार की महिला सशक्तिकरण नीति का मजबूत संकेत है।
कला परिषद रोहतक के निदेशक गजेंद्र फौगाट ने बताया कि इस बार कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह में ब्रह्मसरोवर के महिला घाटों पर भी विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिला कलाकारों को प्रमुख रूप से मंच प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक प्रोत्साहन और गीता जयंती जैसे आध्यात्मिक आयोजन को नई दिशा देने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस दौरान महिला थाना इंचार्ज मीना देवी, महिला बाल विवाह संरक्षण अधिकारी करमिंद्र कौर, आयोग से अंजू, प्रेक्षा, कला परिषद के कार्यालय इंचार्ज सतीश सैनी, गोविंद सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
Girish Saini 


