एआई और डिजिटल बिजनेस पर जीजेयू में होगा मंथन, अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन 4-5 फरवरी को
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), नवाचार और डिजिटल व्यावसायिक रूपांतरण पर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आईसीएआईडीबीटी-2027 का आयोजन 4 व 5 फरवरी 2027 को होगा। वाणिज्य विभाग द्वारा हाइब्रिड मोड में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने किया।
सम्मेलन का आयोजन इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की हिसार शाखा तथा आईसीएआई-दुबई चैप्टर के अकादमिक एवं व्यावसायिक सहयोग से किया जा रहा है।
कुलपति ने कहा कि एआई और डिजिटल तकनीकें वैश्विक कारोबारी परिवेश को तेजी से बदल रही हैं। सम्मेलन विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षाविदों को नए विचारों के आदान-प्रदान, शोध प्रस्तुत करने तथा उद्योग विशेषज्ञों से संवाद का अवसर देगा।
सम्मेलन में भारत और विदेशों से शिक्षाविद, शोधार्थी, उद्योग विशेषज्ञ, चार्टर्ड अकाउंटेंट और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भाग लेंगे। एआई, डिजिटल व्यावसायिक रूपांतरण, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार, वैश्वीकरण, वित्त, फिनटेक, प्रबंधन, विपणन, उद्यमिता, नवाचार और सतत विकास जैसे विषयों पर शोध-पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।
एचएसबी के डीन प्रो. विनोद कुमार बिश्नोई ने इसे अकादमिक-उद्योग समन्वय और अंतर्विषयक शोध को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। वाणिज्य विभागाध्यक्षा डॉ. निधि तुराण ने बताया कि चयनित शोध-पत्रों को स्कोपस-अनुक्रमित आईएसबीएन पुस्तक में प्रकाशित करने की योजना है। उत्कृष्ट शोध-पत्रों के लेखकों को प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में प्रकाशन के अवसर भी मिलेंगे।

Girish Saini 

