जीईएम पोर्टल पर लेनदेन प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी दी एमडीयू कर्मियों को
रोहतक, गिरीश सैनी। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज द्वारा शुक्रवार को कंप्यूटर सेंटर में- नेशनल पब्लिक प्रोक्योरमेंट पोर्टल- गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस (जीईएम) विषयक ट्रेनिंग सत्र का आयोजन किया गया।
एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज के कोऑर्डिनेटर डॉ. अनार सिंह ढुल ने इस ट्रेनिंग की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। डॉ. ढुल ने बताया कि जीईएम पोर्टल सार्वजनिक खरीद में पारदर्शिता, दक्षता और गति बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा आवश्यक सामान्य उपयोग की वस्तुओं और सेवाओं की ऑनलाइन खरीद की सुविधा प्रदान करता है।
निदेशक कंप्यूटर सेंटर डॉ. जीपी सरोहा तथा टेक्निकल असिस्टेंट विकास नागिल ने बतौर रिसोर्स पर्सन नेशनल पब्लिक प्रोक्यूरमेंट पोर्टल की कार्य प्रणाली बारे व्यावहारिक जानकारी एमडीयू कर्मियों को प्रदान की। डॉ. सरोहा ने बताया कि जीईएम सार्वजनिक खरीद का सबसे बड़ा ई-कॉमर्स पोर्टल है। जो पारदर्शिता के साथ लेनदेन की अनुमति प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के विभाग/राज्य सरकार/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम/स्वायत्त निकायों के अधिकृत प्रतिनिधि इस पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं।
विकास नागिल ने जीईएम पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर लेनदेन की प्रक्रिया की विस्तृत व्यावहारिक जानकारी साझा की। इस ट्रेनिंग सत्र में कर्मियों को ई-बीडिंग तथा रिवर्स ई-ऑक्शन की ट्रेनिंग दी गई। एमडीयू के असिस्टेंट तथा क्लर्क-कम-जेडीईओ इस ट्रेनिंग कार्यक्रम में शामिल हुए।
Girish Saini 


