लंका दहन से गूंजा रामलीला मैदान, 200 ड्रोन से आसमान में रचे रामायण के दृश्य

शबरी की भक्ति और राम-हनुमान मिलन ने दर्शकों को किया भाव विभोर

लंका दहन से गूंजा रामलीला मैदान, 200 ड्रोन से आसमान में रचे रामायण के दृश्य

रोहतक, गिरीश सैनी। पुरानी आईटीआई मैदान में रामलीला उत्सव कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव एवं दशहरा मेले में रविवार रात 200 से अधिक ड्रोन से आसमान में रामायण के दिव्य दृश्य उकेरे गए। रोहतक में पहली बार रामलीला के दौरान होने वाले इस शो को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। वहीं, रामलीला के नौवें दिन हनुमान के लंका दहन के सजीव मंचन पर पूरा पंडाल जय श्री राम और जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर विश्वेश्वरानंद के सानिध्य में महंत दीपक कौशिक, कमेटी के मुख्य संरक्षक राजेश जैन सहित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने भगवान हनुमान की संगीतमय महाआरती भी की।

मंचन के दौरान माता शबरी की निश्छल भक्ति, श्री राम-हनुमान मिलन और बाली वध के प्रसंगों ने दर्शकों को भावविभोर किया। लंका पहुंचकर हनुमान ने माता सीता को श्रीराम का संदेश दिया। इसके बाद अशोक वाटिका उजाड़ने और लंका दहन के दृश्यों ने दर्शकों में रोमांच भर दिया।

आयोजकों ने बताया कि ड्रोन शो के जरिए आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मेले में झूले, खानपान के स्टॉल और सामाजिक जागरूकता केंद्र भी आकर्षण बने हुए हैं।