370 से राम मंदिर तक: पूर्व मंत्री ग्रोवर ने गिनाई मोदी सरकार की उपलब्धियां, कांग्रेस पर तुष्टीकरण का वार
नमो सेवा गाथा में विद्यार्थियों ने दिखाई विकास यात्रा
रोहतक, गिरीश सैनी। पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस ने तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति की, जबकि भाजपा ने राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के आधार पर काम किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव लाहली, कलानौर, मदीना और भिवानी चुंगी में आयोजित नमो सेवा गाथा नुक्कड़ नाटकों में विद्यार्थियों ने देश के विभाजन, अनुच्छेद 370, श्रीराम मंदिर, आतंकवाद, नक्सलवाद और तीन तलाक जैसे विषयों को प्रस्तुत किया।
पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 से जुड़े प्रावधानों में बदलाव, अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और तीन तलाक के खिलाफ कानून जैसे फैसले केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियां हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बल प्रभावी कार्रवाई कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि 2014 के बाद हरियाणा में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है और युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची योग्यता के आधार पर रोजगार दिया जा रहा है। कांग्रेस पर परिवारवाद और सिफारिश की राजनीति का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर समस्याओं के समाधान का प्रयास कर रहे हैं।

Girish Saini

