महम चीनी मिल परिसर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित

महम चीनी मिल परिसर में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित

महम, गिरीश सैनी। महम चीनी मिल परिसर में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर का उद्घाटन मिल के प्रबंध निदेशक मुकुंद तंवर ने किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों तथा आम नागरिकों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बी.पी., मधुमेह, थायराइड, गठिया, हृदय रोग, किडनी संबंधी रोग, श्वास संबंधी समस्याएं, पीलिया, पेट संबंधी बीमारियां, नसों के रोग तथा पुराने सिरदर्द से पीड़ित मरीजों की जांच की और उचित परामर्श दिया। साथ ही मरीजों को उचित उपचार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने संबंधी सुझाव भी दिए।

शिविर में सर्जरी, यूरोलॉजी तथा लिथोट्रिप्सी से संबंधित समस्याओं के लिए भी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श प्रदान किया गया। पित्त की थैली की पथरी, हर्निया, अपेंडिक्स, हाइड्रोसील, बवासीर, गुर्दे एवं मूत्राशय की पथरी तथा अन्य मूत्र रोगों के उपचार एवं रोकथाम संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी मरीजों को दी गई। इस दौरान नि:शुल्क नेत्र जांच भी की गई। आंखों से संबंधित समस्याओं की पहचान कर मरीजों को आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी सुझाव दिए गए।