निःशुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर आयोजित

निःशुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर आयोजित

हिसार, गिरीश सैनी। नेशनल हॉस्पिटल, बरवाला के निदेशक कृष्ण दुहन के नेतृत्व में, हरियाणा भारत विकास फाउंडेशन के सहयोग से एक निःशुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मेयर प्रवीण पोपली, रणधीर धीरू, रामनिवास गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि द्वारा एक लाभार्थी को कृत्रिम अंग प्रदान कर शिविर का औपचारिक शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि सुभाष बराला ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए ऐसे प्रयासों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। शिविर में कुल 40 लाभार्थियों को कृत्रिम अंग वितरित किए गए। इस दौरान डॉ. ज्योति दुहन, डॉ. प्रीति, डॉ. सुनील सहित अन्य मौजूद रहे। डॉ. त्रिभुवन पारीक (मेडिकल सुपरिटेंडेंट) ने आभार व्यक्त किया।