चार महीने की ट्रेनिंग, पहली ही प्रतियोगिता में अभिमन्यु का सिल्वर धमाका
रोहतक, गिरीश सैनी। इंटर एकेडमी जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में छह वर्षीय अभिमन्यु ने 6-7 वर्ष के आयु वर्ग में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। जिम्नास्टिक जोन एकेडमी में कोच संदीप के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे जी.डी. गोयनका इंटरनेशनल स्कूल के छात्र अभिमन्यु ने अपनी पहली ही प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया।
महज चार महीने पहले जिम्नास्टिक का प्रशिक्षण शुरू करने वाले अभिमन्यु ने प्रतियोगिता में शानदार संतुलन, चपलता और अनुशासन का प्रदर्शन किया। नियमित अभ्यास और मेहनत के बल पर उसने कम समय में यह उपलब्धि हासिल की।
अभिमन्यु की सफलता पर उसकी माता डॉ. पूजा और पिता हैप्पी ने खुशी जताते हुए उसे बधाई व शुभकामनाएं दी। कोच संदीप ने बताया कि अभिमन्यु रोजाना नियमित अभ्यास करता है और खेल के प्रति उसकी लगन लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उसकी मेहनत अकादमी के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

Girish Saini

