बीएमयू में चार दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट संपन्न

फार्मेसी ने बीएएमएस को 9 विकेट से हराकर जीता खिताब

बीएमयू में चार दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट संपन्न

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में आयोजित पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में फार्मेसी विभाग की टीम ने बीएएमएस की टीम को नौ विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया। खेल क्लब और आईक्यूएसी द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस चार दिवसीय टूर्नामेंट में विवि की आठ टीमों ने हिस्सा लिया।

कुलपति डॉ. बी.एम. यादव के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सहयोग विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार से सीख लेकर खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

फाइनल मुकाबले से पहले कुलपति डॉ. बी.एम. यादव और डॉ. नवीन कपिल ने टॉस करवाकर दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मुकाबले में फार्मेसी विभाग की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए बीएएमएस को नौ विकेट से शिकस्त दी। समापन पर फार्मेसी विभाग के डीन डॉ. पवन जालवाल और प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह ने विजेता टीम को बधाई दी।