फूलों से सजे रथ, 18 घोड़ियां और भव्य झांकियां, अग्रसेन जयंती पर उमड़ा शहर
जयकारों से गूंजे बाजार, पुष्प वर्षा से हुआ स्वागत; अग्र रत्न सम्मान से नवाजा
रोहतक, गिरीश सैनी। फूलों की बारिश, गूंजते जयकारे और भव्य झांकियों के साथ महाराजा अग्रसेन जयंती पर रविवार को रोहतक में निकली शोभायात्रा ने शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया। फूलों से सजे रथ पर विराजमान महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा, 18 घोड़ियों पर सवार राजकुमार और देश के विभिन्न राज्यों से आई झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बाजारों में जगह-जगह पुष्प वर्षा और आरती से शोभायात्रा का स्वागत हुआ।
महाराजा अग्रसेन विकास ट्रस्ट एवं महाराजा अग्रसेन सेवा सदन ट्रस्ट द्वारा आयोजित समारोह का शुभारंभ एक ईंट एक रुपया चौक पर ध्वजारोहण से हुआ। महामंडलेश्वर कपिल पुरी, महामंडलेश्वर राघवेंद्र भारती और बीएमयू के कुलाधिपति महंत बालकनाथ के पावन सानिध्य में भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, ट्रस्ट चेयरमैन राजेश जैन, अजीत जालान, दिनेश कुमार जैन, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, राजेंद्र बंसल, हिमांशु ग्रोवर सहित अन्य गणमान्य लोगों ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद महाराजा अग्रसेन मंदिर में प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संगीतमय महाआरती की गई। वैश्य महिला महाविद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक समारोह में दो हस्तियों को अग्र रत्न सम्मान से नवाजा गया।
आगरा, हांसी, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर से आई झांकियों में शिव तांडव, राम दरबार, श्रीकृष्ण-अर्जुन रथ और खाटू श्याम के स्वरूपों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। बेटी बचाओ, नशामुक्ति, जल संरक्षण और पॉलिथीन मुक्त पर्यावरण के संदेशों ने आयोजन को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा। एक जैसी वेशभूषा में उमड़े अग्रवाल समाज के लोगों, महिलाओं और युवाओं ने एकजुटता का संदेश दिया। मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरते हुए डीएलएफ चौक पर संपन्न हुई।

Girish Saini

