कीटनाशकों के सुरक्षित इस्तेमाल पर किसानों को दिया प्रशिक्षण

कीटनाशकों के सुरक्षित इस्तेमाल पर किसानों को दिया प्रशिक्षण

रोहतक, गिरीश सैनी। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के क्षेत्रीय केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र, फरीदाबाद द्वारा गांव गुढ़ाण में खरीफ फसलों में एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन एवं कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य फसलों में कीटनाशक अवशेष कम करने के साथ इनके विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति किसानों को जागरूक करना है।

विशेषज्ञों ने किसानों को बीजोपचार, कीट एवं रोगों की पहचान, जैविक नियंत्रण, फेरोमोन ट्रैप तथा कीटनाशकों के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी। किसानों को खेत में ले जाकर कीट-रोग पहचान और फेरोमोन ट्रैप के प्रयोग की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। साथ ही, भारत सरकार के कृषि संबंधी मोबाइल ऐप की जानकारी देकर किसानों से उसे डाउनलोड कराया गया।

कार्यक्रम में बीजोपचार के लिए ट्राइकोडर्मा विरिडी फफूंदनाशक भी वितरित किया गया। वनस्पति संरक्षण अधिकारी डॉ. जमुना नेगी, सहायक अधिकारी लक्ष्मीकांत, सुरजीत वर्मन व गौरव सहित कृषि विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मीनाक्षी सांगवान, कृषि विभाग के डॉ. नरेश कुमार और उद्यान विभाग की डॉ. भावना ने किसानों को जानकारी दी। करीब 40 किसानों ने भाग लिया।