किसानों का धरना 264 वें दिन भी जारी
नलकूपों के फ्लैट रेटों से छेड़छाड़ नहीं बर्दाश्तः पूर्व सीपीएस रणसिंह मान
बाढड़ा, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व मुख्य संसदीय सचिव व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रणसिंह मान ने संयुक्त किसान मोर्चे के 264 वें दिन जारी धरने को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र के ट्यूबवेल पर संचालित फ्लैट रेट प्रदेश के किसान की जीवन रेखा है और इसमें किसी तरह के छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के ऐसे बहुत नेता हैं, जो कहते हैं कि वे सबका साथ सबके विकास के नारे में विश्वास करते हैं, मगर धरातल पर स्थिति इसके उल्ट है। बाढड़ा व लोहारू में किसान 264 दिनों से धरनारत हैं, जिनकी मांग है कि 2023 के फसल बीमा योजना के बकाया मुआवजा को जारी किया जाए। लेकिन सरकार आज भी हठधर्मिता पर अड़ी हुई है।
स्थानीय जुई रोड स्थित अनाज मंडी के सामने बेमियादी धरने को संबोधित करते हुए पूर्व सीपीएस मान ने कहा कि मुख्यमंत्री 11 अप्रैल को जिला मुख्यालय दादरी आ रहे हैं और उनके प्रस्तावित दौरे की सार्थकता इस बात से आंकी जाए कि वे धरनारत किसानों की मांग पर सरकार के स्टैंड को स्पष्ट करें कि वह इन किसानों के साथ है या फिर इनके खिलाफ हैं।
मान ने कहा कि बाढड़ा उपमंडल क्षेत्र के तीनों सरकारी कालेजों में अस्सी फीसदी स्टाफ के पद रिक्त हैं, जिससे इस क्षेत्र के हजारों बच्चों को उच्च शिक्षा पाने में परेशानी से जूझना पड़ रहा है। हलके के बड़े गांव झोझू कलां से बाढड़ा की सड़क जर्जर हाल में है, वहीं बाढड़ा में बाईपास न होने से कस्बे के मुख्य क्रांतिकारी चौक पर जाम से जनता दुखी है। मंडी में अभी दस फीसदी अनाज आने के बाद अब और अनाज आने की कोई व्यवस्था नहीं है। भोले भाले किसानों द्वारा पहले से ही संचालित योजनाओं की शर्ते पूरी नहीं हो पाई, उल्टे सरकार की नई बायोमेट्रिक नीति से फसल बेचने वाले किसान उलझन में है। धरने के दौरान किसान नेता राजकुमार हड़ौदी, किसान सभा खंड अध्यक्ष नसीब मोद, नरेश कादयान, मा. रघबीर श्योराण, प्रताप सिंह हंसावास, ब्रहमपाल बाढड़ा, युदवीर सिंह, मंजीत मांढी, ओमप्रकाश नंबरदार, सीटू नेता सुमेर सिंह, श्रमिक नेता रोशन लाल धारणी, कामरेड रामपाल, सहिच अन्य मौजूद रहे।

Girish Saini 

