भारत को विकसित बनाने में एक-एक नागरिक का होगा योगदानः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

विकसित भारत संकल्प यात्रा में उपस्थित जनसमूह ने ली विकसित भारत की शपथ।

भारत को विकसित बनाने में एक-एक नागरिक का होगा योगदानः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपना योगदान देना होगा। यह बात हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने बुधवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा के जीवन राम बशेसर राम वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल वार्ड नंबर 18 में पहुंचने पर कही।

यात्रा में उपस्थित लोगों को वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने की शपथ दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने शपथ लेते हुए कहा कि वे गुलामी की मानसिकता को जड़ से उखाड़ फेंकेंगे और देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करेंगे। इसके साथ ही भारत की एकता को सुदृढ़ करने और देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करने की बात भी शपथ में कही गई।

मनीष कुमार ग्रोवर ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का पात्र लोगों को हकदार बनाने का कार्य भी इस यात्रा के माध्यम से किया जा रहा है। इसके अलावा पहले से जो लोग सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं, अगर उन्हें किसी तरह की परेशानी आ रही है तो उसे भी दूर करने का कार्य इस यात्रा के दौरान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर एक दर्जन से भी अधिक विभागों की स्टॉल लगाई जा रही है और अधिकारी मौके पर मौजूद रहते हैं।

पूर्व मंत्री ने कहा कि मेरी कहानी मेरी जुबानी के तहत योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे लाभार्थी स्वयं मंच पर आकर अन्य लोगों को बता रहे हैं कि किस प्रकार से सरकार की योजनाओं ने उनके जीवन को सुधार दिया है। ग्रोवर ने मुख्य रूप से सरकार की चिरायु / आयुष्मान भारत योजना का जिक्र किया। इस योजना के तहत पात्र लोगों को स्वास्थ्य बीमा सुनिश्चित किया जाता है। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से स्वरोजगार करने वाली महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किया।

ग्रोवर ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने आमजन को पूर्ण पारदर्शिता वाली सरकार दी है। मेरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही है। ऑनलाइन व्यवस्था के चलते लोगों को विभिन्न योजनाओं व सेवाओं का लाभ घर बैठे मिल रहा है। निर्धारित आयु पूरी होने पर स्वयं पेंशन बन जाती है। राज्य सरकार ने एक लाख 80 हजार की सालाना आय वाले परिवारों की बेटियों के लिए कॉलेज में निशुल्क शिक्षा का प्रावधान किया है।

इस दौरान मेयर मनमोहन गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 15 नवंबर को झारखंड के खूंटी से विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य देश के कोने-कोने में लोगों को केंद्र सरकार योजनाओं के बारे में बताना और उसका लाभ उठाने के लिए उन्हें प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार ने हरियाणा के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती प्रदान की है। नगर निगम के डिप्टी मेयर अनिल कुमार ने भी विकसित भारत संकल्प यात्रा के बारे में अपने विचार रखे। विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से स्क्रीन पर केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों की फिल्म भी दिखाई गई।