राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक निभाए अपनी भूमिका : डॉ. चौहान

राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक निभाए अपनी भूमिका : डॉ. चौहान

नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान (एचआईआरडी) में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने ध्वजारोहण किया। समारोह की शुरुआत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन से हुई।

डॉ. चौहान ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन और देश-समाज के विकास में योगदान देना है। उन्होंने कर्मचारियों से राष्ट्रीय हित, एकता और अखंडता को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा से जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया।

सहायक प्रोफेसर संदीप कुमार ने भी कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। समारोह में संस्थान के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।