निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव मलय ने की एसआईआर गतिविधियों की समीक्षा, अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए
रोहतक जिले में अब तक 5,67,887 मतदाताओं का डिजिटलीकरण पूरा।
रोहतक, गिरीश सैनी। भारत निर्वाचन आयोग के प्रधान सचिव मलय मल्लिक के नेतृत्व में आयोग की टीम में सहायक अनुभाग अधिकारी तेजिंदर सिंह व कनिष्ठ सचिवालय सहायक दिनेश कुमार ने शुक्रवार को रोहतक जिला का दौरा कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटि रहित एवं अद्यतन बनाने के लिए अभियान में और तेजी लाई जाए तथा प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा बैठक में प्रधान सचिव मलय मल्लिक ने जिला में चल रही एसआईआर गतिविधियों, मतदाता सत्यापन, प्रपत्रों के संग्रहण, डिजिटलीकरण तथा अपंजीकृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं से संबंधित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इस दौरान आयोग के अधिकारियों ने निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों से विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी ली और अभियान की गुणवत्ता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए। प्रधान सचिव मलय मल्लिक ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करें।
भारत निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत मतदाता सत्यापन एवं डिजिटलीकरण का कार्य पूरा किया जा सके। साथ ही पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मतदाता संबंधी विवरण का समय पर सत्यापन कराएं और आवश्यक सहयोग प्रदान करें।
अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने आयोग के अधिकारियों को जानकारी दी कि बूथ स्तर के अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही मृत्यु, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित तथा अन्य श्रेणियों के मतदाताओं का भी सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जा रहा है। आयोग ने सभी दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रस्तुत प्रगति रिपोर्ट के अनुसार जिले में मतदाता सूची के डिजिटलीकरण का कार्य लगातार आगे बढ़ रहा है।
एडीसी नरेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत रोहतक जिला में मतदाता सूची के डिजिटलीकरण का कार्य तेजी से जारी है। जिला में अब तक कुल 8,50,304 मतदाताओं में से 5,67,887 मतदाताओं का डिजिटलीकरण पूरा कर लिया गया है, जो 66.79 प्रतिशत है। जिला की चारों विधानसभा क्षेत्रों में गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र 72.19 प्रतिशत, महम में 68.39 प्रतिशत, कलानौर (अनुसूचित जाति) में 63.88 प्रतिशत तथा रोहतक विधानसभा क्षेत्र में 62.33 प्रतिशत डिजिटलीकरण कार्य पूरा हो चुका है।
उन्होंने जानकारी दी कि अभियान के दौरान अब तक 20,619 मृत, 33,776 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 2,948 पहले से पंजीकृत, 3,129 अनुपस्थित तथा 323 अन्य श्रेणी के मतदाताओं की पहचान की गई है। इस प्रकार जिला में कुल 70,795 अप्रमाणित मतदाता (यूईएफ) चिह्नित किए गए हैं।
बैठक में सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, महम के एसडीएम विपिन कुमार, रोहतक के तहसीलदार यशपाल शर्मा, सांपला के तहसीलदार गुलाब सिंह, चुनाव तहसीलदार सरला कौशिक सहित सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी तथा निर्वाचन शाखा के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 


