समाज के विकास की आधारशिला है शिक्षा: पूर्व मंत्री ग्रोवर
300 जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल वितरित की।
रोहतक, गिरीश सैनी। दूर-दराज़ क्षेत्रों से स्कूल आने वाली छात्राओं को आवागमन की सुविधा प्रदान कर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ रोहतक सैफायर द्वारा प्रोजेक्ट पंख के तहत मंगलवार को 300 जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल वितरित की गई।
पुराने आईटीआई मैदान स्थित शहीद मदन लाल धींगड़ा सामुदायिक केंद्र में आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने शिरकत की। इस दौरान पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, समाजसेवी राजेश जैन, हरियाणा राज्य समाज कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कैप्टन योगेश बैरागी, समाज सेवी राजेंद्र बंसल, रवि गुगनानी सहित क्लब के पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस पहल के तहत 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल प्रदान की गई। सभी अतिथियों ने साइकिल वितरण उपरांत झण्डी दिखाकर साईकिल रैली को शहर भ्रमण के लिए रवाना किया, जो पुरानी आईटीआई मैदान से शुरू होकर लेबर चौक, अशोका चौक, मानसरोवर पार्क के नजदीक रोटरी चौक पर समाप्त हुई।
मुख्य अतिथि मनीष ग्रोवर ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की आधारशिला है तथा बेटियों को शिक्षित बनाना राष्ट्र निर्माण की दिशा में सबसे बड़ा निवेश है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी, उनका समय बचेगा तथा वे अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगी।
समाजसेवी राजेश जैन ने कहा कि बेटा व बेटी में कोई फर्क नहीं है और आज हर क्षेत्र में बेटियां अपना परचम लहराकर देश का नाम रोशन कर रही है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को ज्यादा से ज्यादा शिक्षित करने का भी आह्वान किया।
इस दौरान राहुल जैन, राजीव जैन, सन्नी निझावन, शीतल, सहित क्लब के सदस्य व अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।
Girish Saini 


