जीजेयू में ई-समिट -26 का आगाज, स्टार्टअप और नवाचार पर मंथन
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में पं. दीनदयाल उपाध्याय इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन सेंटर के तत्वावधान में टीम आई-कनेक्ट द्वारा तीन दिवसीय ई-समिट-26 का शुभारंभ हुआ। 21 अगस्त तक चलने वाले इस समिट का मुख्य विषय वैश्वीकरण है।
उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई मुख्य अतिथि रहे, जबकि कुलसचिव डॉ. विजय कुमार विशिष्ट अतिथि और आईआईटी दिल्ली के एआईसी के सीईओ आलोक पांडेय विषय विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहे।
कुलपति ने कहा कि ई-समिट विद्यार्थियों को नवाचार और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का प्रभावी मंच देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने और वैश्विक अवसरों को समझने का आह्वान किया। कुलसचिव ने इसे ज्ञान, संवाद और व्यावहारिक अनुभव का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
विशेषज्ञ सत्र में आलोक पांडेय ने स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता के व्यावहारिक पहलुओं पर विद्यार्थियों से संवाद किया। सेलाथॉन में प्रतिभागियों ने ग्राहकों से संवाद, बिक्री और मोलभाव का अनुभव लिया, जबकि पिच टैंक में कंपनियों को पुनर्जीवित करने के लिए रणनीतिक समाधान प्रस्तुत किए।
पहले दिन स्टार्टअप स्पेस में विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से अपने नवाचार एवं स्टार्टअप विचार प्रदर्शित किए। कार्यक्रम में प्रो. विशाल गुलाटी, प्रो. विमल के. झा सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।

Girish Saini 

