डॉ. एस.के. सिंघल ने पुनः संभाला पीजीआईएमएस रोहतक के निदेशक का पदभार

अंगदान को बढ़ावा देने के साथ लिवर ट्रांसप्लांट सेवा शुरू करने की दिशा में होंगे प्रयास।

डॉ. एस.के. सिंघल ने पुनः संभाला पीजीआईएमएस रोहतक के निदेशक का पदभार

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के राज्यपाल एवं यूएचएसआर के कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष ने डॉ. सुरेश कुमार सिंघल को तीन वर्ष के लिए पुनः पीजीआईएमएस रोहतक का निदेशक नियुक्त किया है। ये नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

पदभार संभालने के बाद डॉ. सिंघल ने कहा कि कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल के साथ मिलकर पीजीआई को देश के अग्रणी संस्थानों में शामिल करना उनका लक्ष्य रहेगा। मरीजों को समय पर बेहतर उपचार, दवाएं व जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सा शिक्षा, शोध, सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अंगदान को जनअभियान बनाने और अधिक से अधिक परिवारों को इसके लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर रहेगा। जरूरतमंद मरीजों को प्रत्यारोपण सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए पीजीआईएमएस, रोहतक में लिवर ट्रांसप्लांट सेवा शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। इससे हरियाणा के मरीजों की दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम हो सकेगी।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने डॉ. सिंघल को बधाई देते हुए कहा कि पीजीआईएमएस की प्रगति के लिए सभी अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ टीम भावना से कार्य करें। कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, डीन डॉ. अशोक चौहान और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. कुंदन मित्तल ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।

डॉ. सिंघल के पास लंबा प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय अनुभव है। उनके 118 शोध प्रकाशन हैं, जिनमें 42 अंतरराष्ट्रीय और 76 राष्ट्रीय प्रकाशन शामिल हैं। उन्होंने कैथ लैब, कार्डियक एनेस्थीसिया, मॉड्यूलर आईसीयू और ट्रॉमा आईसीयू जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के विकास में भी योगदान दिया है।