सांपला तक मेट्रो लाने के लिए केंद्रीय मंत्री से मिले डॉ. अरविंद शर्मा

नगरपालिका चुनाव के वादे पूरे करने का भरोसा, जन्मदिन पर भगवान परशुराम भवन में हवन

सांपला तक मेट्रो लाने के लिए केंद्रीय मंत्री से मिले डॉ. अरविंद शर्मा

सांपला, गिरीश सैनी। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सांपला तक मेट्रो पहुंचाने के लिए प्रयास तेज किए जा रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर क्षेत्र की मांग उठाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द सांपला को मेट्रो रेल सेवा से जोड़ने का सपना साकार होगा।

मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सोमवार को सांपला स्थित भगवान परशुराम भवन में अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान हवन किया गया और क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। डॉ शर्मा  ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि जनता उनके परिवार का हिस्सा है और उनके घर के दरवाजे लोगों के लिए 24 घंटे खुले हैं।

उन्होंने नगरपालिका चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने तथा सांपला में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार योग्यता के आधार पर पारदर्शी भर्ती और गरीबों, किसानों, महिलाओं व युवाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।