विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. मिड्ढा ने डी-पार्क अग्निकांड के तीनों पीड़ित परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की

शोक संतप्त परिजनों को दी सांत्वना, नुकसान का लिया जायजा।

विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. मिड्ढा ने डी-पार्क अग्निकांड के तीनों पीड़ित परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने गत 9 जून को डी-पार्क पर आग लगने की घटना में हुए जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस हादसे को दर्दनाक व दिल दहला देने वाला बताया। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले तीनों व्यक्तियों के निवास स्थान पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया तथा प्रत्येक पीड़ित परिवार को स्वैच्छिक कोष से 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

विधानसभा उपाध्यक्ष ने स्थानीय डी पार्क पर पहुंचकर इस हादसे में दुकानों को हुए नुकसान का जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित दुकानदारों से इस हादसे में दुकानों को हुए नुकसान की जानकारी ली। इससे पूर्व उन्होंने पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर के साथ इस हादसे में जान गंवाने वाले तीनों व्यक्तियों सौरभ, अमन एवं कपिल के गुरूनानकपुरा, बाबरा मोहल्ला व नेहरू कॉलोनी स्थित निवास स्थानों पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की तथा शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दी। उनके साथ पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, तहसीलदार यशपाल शर्मा भी मौजूद रहे।

बाद में प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि सभी नागरिक ऐसे हादसों से सबक लें तथा अपनी जिम्मेवारी को समझें। डॉ. मिड्ढा ने कहा कि दुकानदार भी बाजारों में जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित की गई सीमा रेखा का सम्मान करें। यह सीमा रेखा सभी की सुरक्षा के दृष्टिगत निर्धारित की जाती है। सभी दुकानदार अपनी दुकानों में अग्निशमन यंत्र लगाये ताकि ऐसी आपातकालीन स्थितियों पर शीघ्र काबू पाया जा सके।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा इस हादसे के पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है तथा दुकानदारों को हुए नुकसान के आकलन के लिए जिला प्रशासन द्वारा समिति गठित की गई है। उन्होंने कहा कि इस हादसे के समय जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित रहकर आग बुझाने के कार्य पर लगातार नजर रखकर अच्छा कार्य किया।