विभागों की जिम्मेदारियां होंगी तय, जागरूकता और नियंत्रण गतिविधियों में समन्वय पर जोर
एडीसी ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। जिले में एचआईवी/एड्स की रोकथाम और नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए जिला एचआईवी/एड्स टास्क फोर्स के गठन को लेकर सोमवार को बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न सरकारी विभागों, गैर-सरकारी संस्थाओं और शिक्षण संस्थानों की भूमिका पर चर्चा की गई।
एडीसी नरेंद्र कुमार ने कहा कि एचआईवी/एड्स पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सामूहिक प्रयास जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को टास्क फोर्स में शामिल विभागों की जिम्मेदारियां गंभीरता से निभाने के निर्देश दिए। बैठक में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विभागों को भी टास्क फोर्स में शामिल करने का निर्णय लिया गया, ताकि जागरूकता और रोकथाम संबंधी गतिविधियों को गति मिल सके।
बैठक में अनुपस्थित विभागों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 19 अक्तूबर को दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को विभिन्न विभागों के कार्यों और दायित्वों का विस्तृत ब्योरा तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में डीडीपीओ राजपाल चहल, सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा, जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. जसवंत प्रीत, क्लस्टर प्रोग्राम मैनेजर मनोज सांगवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini

