संगठन की मजबूती और गांवों के सशक्तिकरण से ही होगा लोकतंत्र मजबूतः सहप्रभारी बघेल

संगठन की मजबूती और गांवों के सशक्तिकरण से ही होगा लोकतंत्र मजबूतः सहप्रभारी बघेल

बाढ़डा, गिरीश सैनी। बाढ़डा उपमंडल के गांव बेरला में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन द्वारा आयोजित दो दिवसीय सर्वोदय संकल्प शिविर के समापन अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा सहप्रभारी अधिवक्ता जितेंद्र बघेल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पंवार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सहप्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि लोकतंत्र मजबूत हो इसलिए बार बार बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान को खत्म करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दों पर देशभर में हुए युवाओं के संघर्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा लगातार उठाई गई आवाज का असर पूरे देश ने देखा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के हालिया इस्तीफे को जनता और छात्रों के लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताया।

राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील पंवार ने कहा कि संगठन का उद्देश्य गांवों और स्थानीय स्तर पर पंचायत प्रतिनिधियों को सशक्त बनाना, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना तथा पारदर्शी एवं जवाबदेह पंचायत व्यवस्था को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील धानक, पूर्व विधायक सुखविंद्र मांढी, किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय कन्वीनर राजू मान, संगठन महासचिव एडवोकेट आनंद, एडवोकेट सुनील दुरेजा, शीशराम यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि व कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।