बीएमयू में वाद-विवाद प्रतियोगिता - गणित और डेटा साइंस में छिपा भविष्य का विकास: विशेषज्ञ
विद्यार्थियों ने एआई और डिजिटल अर्थव्यवस्था में इनकी भूमिका पर रखे विचार
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के विज्ञान संकाय के गणित विभाग द्वारा आइक्यूएसी के सहयोग से ‘गणित और डेटा साइंस: विश्व का भविष्य’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने गणित और डेटा साइंस की बढ़ती उपयोगिता तथा भविष्य की संभावनाओं पर तर्कपूर्ण विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक चिंतन, विश्लेषणात्मक क्षमता और संवाद कौशल विकसित करना था। प्रतिभागियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और डिजिटल अर्थव्यवस्था में गणित एवं डेटा साइंस की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि डेटा आधारित तकनीकें बेहतर निर्णय लेने और जटिल समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
प्रो. मनोज वर्मा और प्रो. रवि राणा ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। उन्होंने विषय ज्ञान, तर्क क्षमता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। अंत में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की संयोजक प्रो. पूजा भाटिया, सह-संयोजक प्रो. विनोद भाटिया तथा आयोजन सचिव प्रो. संगीता मलिक और प्रो. अंशुल सिंह ने आयोजन में योगदान दिया।

Girish Saini

