डीसी सतबीर सिंह ने नागरिकों से स्वेच्छा से यातायात नियमों का पालन करने का आह्वान किया

नियम तोड़ने पर 11,534 चालान, 7,736 वाहन चालकों की काउंसलिंग

डीसी सतबीर सिंह ने नागरिकों से स्वेच्छा से यातायात नियमों का पालन करने का आह्वान किया

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिलावासियों से स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए स्वेच्छा से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नियम नागरिकों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं और इनके उल्लंघन पर प्रशासन सख्त कार्रवाई के साथ वाहन चालकों की काउंसलिंग भी कर रहा है।

उपायुक्त ने बताया कि अगस्त में जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर 11,534 चालान किए गए, जबकि 7,736 वाहन चालकों की काउंसलिंग की गई। तेज गति और नशे में वाहन चलाने वाले क्रमशः 34 और 30 चालकों के लाइसेंस निलंबन के लिए भेजे गए।

अगस्त में बिना हेलमेट 2,675, बिना सीट बेल्ट 916, लाल बत्ती जंप करने पर 14, तेज गति के 175, मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर 6 और नशे में वाहन चलाने पर 399 चालान किए गए। गलत पार्किंग के 1,545 और गलत साइड वाहन चलाने के 1,403 चालान भी हुए।

काउंसलिंग में बिना हेलमेट 3,000, बिना सीट बेल्ट 920, तेज गति 300, नशे में ड्राइविंग 420, गलत पार्किंग 1,570 और गलत दिशा में वाहन चलाने वाले 1,450 चालक शामिल रहे। उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए स्वेच्छा से नियम पालन के लिए प्रेरित किया गया।