डीसी सचिन गुप्ता ने युवाओं से किया एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण करने का आह्वान

डीसी सचिन गुप्ता ने युवाओं से किया एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण करने का आह्वान

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय करियर सेवा (एनसीएस) पोर्टल श्रम एवं रोजगार कार्यालय के अंतर्गत संचालित एक नि:शुल्क राष्ट्रीय करियर प्लेटफॉर्म है, जो रोजगार के इच्छुक युवाओं, नियोक्ताओं, कौशल प्रदाताओं तथा करियर काउंसलरों के बीच समन्वय स्थापित करता है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पोर्टल पर पंजीकरण कर इसका लाभ उठाने की अपील की।

उपायुक्त ने बताया कि रोजगार के इच्छुक युवा www.ncs.gov.in पर नि:शुल्क पंजीकरण कर सकते हैं। यह पोर्टल केवल हरियाणा ही नहीं बल्कि देश के अन्य राज्यों एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाता है। एनसीएस पोर्टल के माध्यम से युवा अपना एआई आधारित रिज्यूमे तैयार कर सकते हैं। साथ ही पोर्टल पर उपलब्ध एआई इंटरव्यू कोच टूल की सहायता से युवा साक्षात्कार की तैयारी भी कर सकते हैं, जिससे उनकी नौकरी पाने की संभावनाएं बढ़ती हैं।

उन्होंने बताया कि यह पोर्टल केवल युवाओं के लिए ही नहीं बल्कि विभिन्न संस्थानों एवं कंपनियों के नियोक्ताओं के लिए भी उपयोगी है। जिन संस्थानों को विभिन्न पदों पर भर्ती करनी होती है, वे भी इस पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर योग्य उम्मीदवारों तक पहुंच बना सकते हैं। एनसीएस पोर्टल पर प्रोफेशनल करियर काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध है।