डीसी सचिन गुप्ता ने नागरिकों से जनगणना के प्रथम चरण में जारी मकान सूचीकरण कार्य में पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नागरिकों का आह्वान किया है कि वे सरकार के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत जारी मकान सूचीकरण कार्य में घर आने वाले प्रगणकों का पूरा सहयोग करें तथा उन्हें सटीक आंकड़े उपलब्ध करवाए। जनगणना का कार्य दो चरणों में पूरा होगा। प्रथम चरण में 30 मई तक मकान सूचीकरण का कार्य जारी है। जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही विकास परियोजनाएं तैयार की जाती हैं।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि देश में प्रथम बार जनगणना के कार्य को डिजिटल रूप में किया जा रहा है। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण के कार्य में मकानों की संख्या के साथ-साथ इन मकानों में रहने वाले परिवारों की संख्या, मकान निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, छत व फर्श में प्रयुक्त सामग्री, मकान की स्थिति, पेयजल का स्त्रोत, गंदे पानी की निकासी की सुविधा, शौचालय की सुविधा, रसोई घर में प्रयुक्त हो रहे ईंधन के प्रकार के अलावा अन्य संबंधित जानकारियां डिजिटल रूप से पोर्टल पर मौके पर ही दर्ज की जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा टोल फ्री हेल्पलाइन 1855 संचालित की जा रही है, जिस पर जनगणना से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस हेल्पलाइन की 4 लाइनें लगातार संचालित की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा जनगणना के कार्य को समयबद्ध सम्पन्न करने के लिए चार्ज अधिकारी, सुपरवाईजर व प्रगणक तैनात किए गए हैं तथा इन्हें प्रशिक्षण भी दिया गया है। जनगणना 2027 के कार्य को समय पर पूर्ण करने के लिए जिला में 1731 प्रगणक व 40 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। प्रगणकों को यह निर्देश दिए गए है कि वे मकान सूचीकरण के दौरान सही व सटीक आंकड़े डिजिटली रूप से ऐप में दर्ज करें तथा गुणवत्ता का डेटा ही भरें।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रगणकों की सुविधा को मद्देनजर रखते हुए एक प्रगणक को 150 से 200 घर ही गणना के लिए दिए गए हैं। प्रगणकों के मार्गदर्शन के लिए सुपरवाईजर व चार्ज अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा सभी चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रगणकों की समस्याओं का तुरंत समाधान करवाए।

Girish Saini 

