कौशल कर्मियों के हक में 19 अगस्त को पंचकूला में कांग्रेस का धरनाः पूर्व सीएम हुड्डा

बोलेः 1.25 लाख कर्मियों को पक्का करने का वादा भूली भाजपा, सरकार के घोटालों पर बनेगी विशेष कमेटी।

कौशल कर्मियों के हक में 19 अगस्त को पंचकूला में कांग्रेस का धरनाः पूर्व सीएम हुड्डा

रोहतक/चंडीगढ़, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कौशल कर्मियों को नियमित करने सहित अन्य मांगों को लेकर कांग्रेस 19 अगस्त को पंचकूला में एचकेआरएन कार्यालय के सामने बड़ा धरना-प्रदर्शन करेगी, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता शामिल होंगे। विधायक अशोक अरोड़ा को धरने का संयोजक बनाया गया है।

अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 1.25 लाख कौशल कर्मियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन करीब दो साल बाद भी कोई कानून या आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ। उन्होंने कौशल कर्मियों को नियमित कर्मचारियों के समान वेतन, स्वास्थ्य सुविधा, अवकाश, यात्रा भत्ता और आरक्षण सहित अन्य लाभ देने तथा उन्हें कानूनी दर्जा देने की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के घोटालों का अध्ययन कर उन्हें उजागर करने के लिए कांग्रेस विशेष कमेटी बनाएगी। अशोक अरोड़ा इसके अध्यक्ष और विधायक रघुबीर कादियान विशेष आमंत्रित सदस्य होंगे। आगामी विधानसभा सत्र में बैंक घोटालों, कानून-व्यवस्था, जलभराव, किसानों के मुआवजे, बिजली निजीकरण, गेस्ट टीचर्स और कर्मचारियों के मुद्दों पर कांग्रेस सरकार को घेरेगी।

खाद संकट पर सरकार को घेरते हुए हुड्डा ने आरोप लगाया कि केंद्र से आवंटित यूरिया और डीएपी का पूरा स्टॉक सरकार ने नहीं उठाया, जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। उन्होंने गेस्ट टीचर्स को अदालत के फैसले के अनुसार नियमित करने की मांग भी की।

एसवाईएल पर सवाल के जवाब में पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब जाकर एसवाईएल के पानी की बात नहीं करते। ई20 को लेकर उन्होंने कहा कि इससे वाहनों का माइलेज प्रभावित होने और मेंटेनेंस खर्च बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस की खेल नीति पर की गई टिप्पणी का जवाब देते हुए हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पदक विजेता खिलाड़ियों को डीएसपी नियुक्त करने और पांच करोड़ रुपये तक पुरस्कार देने की नीति लागू की थी। 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के 38 स्वर्ण पदकों में 22 हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते थे।