पूर्व सीएम हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस विधायक दल की बैठक, महंगाई-कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

पूर्व सीएम हुड्डा की अगुवाई में कांग्रेस विधायक दल की बैठक, महंगाई-कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

रोहतक/चंडीगढ़, गिरीश सैनी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में वीरवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में महंगाई, भर्तियों, कौशल निगम, एसआईआर, कानून व्यवस्था, सफाई कर्मियों की मांगों, किसानों के मुद्दों और सरकार के कथित घोटालों पर चर्चा हुई। विधायकों ने इन मुद्दों को सड़क से विधानसभा तक उठाने का फैसला किया।

महंगाई पर हुड्डा ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि पेट्रोल की ऊंची कीमतों के बाद अब चीनी के दाम भी आम आदमी की चिंता बढ़ा रहे हैं। चीनी का भाव करीब 70 रुपये किलो पहुंच गया है और कुछ महीनों में लगभग दोगुना हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के चलते जनता पर महंगाई की दोहरी मार पड़ रही है।

एसआईआर को लेकर हुड्डा ने भाजपा और चुनाव आयोग पर मिलीभगत का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया पर नजर रख रही है और पार्टी ने चुनाव आयोग के समक्ष अपनी शिकायतें भी दर्ज कराई हैं।

पूर्व सीएम ने कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि दादरी में सरेआम फायरिंग और कुरुक्षेत्र में थाने के सामने डकैती जैसी घटनाएं सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लूट, डकैती, फिरौती, हत्या और फायरिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं और अपराधियों में कानून का डर नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सरकार की पहली जिम्मेदारी है, लेकिन भाजपा सरकार इसमें विफल रही है।

गेस्ट टीचर्स के मुद्दे पर हुड्डा ने कहा कि अदालत ने कांग्रेस सरकार की नीति के अनुरूप उनके पक्ष में फैसला दिया है। इसके बावजूद सरकार फैसला लागू करने के बजाय उसकी अनदेखी कर रही है। उन्होंने गेस्ट टीचर्स और कौशल कर्मियों को नियमित करने की मांग की।

बैठक में कांग्रेस विधायक दल ने पार्टी सांसदों की मांग का समर्थन करते हुए 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स में गुजरात के साथ हरियाणा को भी सह-आयोजक राज्य बनाने की मांग की। हुड्डा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों का योगदान देखते हुए राज्य को आयोजन में उचित भागीदारी मिलनी चाहिए।