कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी -छात्रों की गूंज अभियान शुरू
शिक्षा व्यवस्था में निष्पक्षता और व्यापक सुधार के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग।
रोहतक, गिरीश सैनी। देशभर में पेपर लीक, भर्ती घोटालों और परीक्षा प्रणाली की विफलताओं के खिलाफ कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी -छात्रों की गूंज अभियान शुरू किया है। 40 दिनों तक चलने वाला ये आंदोलन देश के 28 प्रमुख शहरों में छात्रों और अभ्यर्थियों की आवाज को बुलंद करेगा।
इस आशय की जानकारी राजस्थान के गंगानगर से कांग्रेस सांसद कुलदीप इंदौरा ने वीरवार को रोहतक में पत्रकारों से संवाद करते हुए दी। केंद्र सरकार पर छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि नीट यूजी-2026 पेपर लीक मामले ने देश की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों छात्रों की वर्षों की मेहनत और परिवारों की उम्मीदें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई हैं, लेकिन केंद्र सरकार जवाबदेही से बच रही है।
उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देना चाहिए तथा पेपर लीक माफिया, वेंडर एजेंसियों, अधिकारियों और उनके राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में अनेक पेपर लीक और परीक्षा घोटाले सामने आए, जिनसे करोड़ों छात्र प्रभावित हुए। इसके बावजूद सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में विफल रही है। सांसद इंदौरा ने कहा कि यह केवल शिक्षा का नहीं बल्कि युवाओं के रोजगार, भविष्य और देश के विकास का मुद्दा है।
इस दौरान उन्होंने तीन प्रमुख मांगें रखी, जिनमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, पूरी परीक्षा व्यवस्था का व्यापक सुधार तथा परीक्षा और भर्ती के लिए तय वार्षिक कैलेंडर लागू करना शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 30 जून से देशभर में छात्र संपर्क अभियान, नुक्कड़ बैठकें और पर्चा वितरण कार्यक्रम शुरू होंगे। जुलाई माह में साप्ताहिक कार्यक्रम, कैंपस संपर्क और अंबेडकर संवाद कार्यक्रम तथा 1 अगस्त को 28 शहरों में कलेक्टरेट घेराव और 9 अगस्त को दिल्ली चलो कार्यक्रम के साथ -छात्रों की गूंज अभियान का पहला चरण संपन्न होगा।
उन्होंने छात्रों और युवाओं से -छात्रों की गूंज अभियान से जुड़ने तथा अपने अधिकारों की लड़ाई में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक आंदोलन नहीं बल्कि देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के भविष्य को बचाने की लड़ाई है।
इस दौरान हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के सपनों को लगातार तोड़ रही है। हरियाणा समेत पूरे देश में युवा बेरोजगारी, भर्ती में देरी और पेपर लीक जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का -छात्रों की गूंज अभियान युवाओं की आवाज को मजबूती देगा और सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करेगा। युवा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि आज का युवा निष्पक्ष परीक्षा, समय पर भर्ती और पारदर्शी व्यवस्था चाहता है और कांग्रेस युवाओं की इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
Girish Saini 


