सीएम नायब सैनी ने एमडीयू परिसर में पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का वीरवार को एमडीयू परिसर पहुंचने पर कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने भी मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एमडीयू परिसर में पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के विकास का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है। पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी भी है।
मुख्यमंत्री ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि विवि पर्यावरण संरक्षण को लेकर निरंतर प्रयासरत है और परिसर को हरा भरा बनाए रखने के लिए पौधरोपण सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
Girish Saini 

