महाराजा अग्रसेन सेवा सदन ट्रस्ट द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता का नागरिक अभिनंदन

महाराजा अग्रसेन सेवा सदन ट्रस्ट द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता का नागरिक अभिनंदन

रोहतक, गिरीश सैनी। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्षा डॉ. अर्चना गुप्ता का मंगलवार को रोहतक पहुंचने पर महाराजा अग्रसेन सेवा सदन ट्रस्ट द्वारा नागरिक अभिनंदन किया गया। ट्रस्ट द्वारा डॉ. अर्चना गुप्ता को महाराजा अग्रसेन के एक ईंट–एक रुपया सिद्धांत के प्रतीक स्वरूप सिक्कों से तोलकर सम्मानित किया गया। उन्हें शक्ति का प्रतीक त्रिशूल, महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा, स्मृति-चिन्ह एवं अंगवस्त्र भी भेंट किया गया।

इस दौरान ट्रस्ट के चेयरमैन राजेश जैन, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा, सहित काफी संख्या में गणमान्य जन व ट्रस्ट पदाधिकारी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि समाज की बेटी होने के नाते वे उन्हें मिली प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी का निर्वहन पूरे समर्पण के साथ करेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित कर रही है।

पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि रोहतक का अग्रवाल समाज सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, ट्रस्ट के चेयरमैन राजेश जैन व पूर्व मेयर मनमोहन गोयल ने भी समारोह को संबोधित किया। अतिथियों ने ट्रस्ट के ट्रस्टी कार्ड का भी विमोचन किया।