मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 5 अप्रैल को महम आएंगे
अन्य दलों के विधायकों वाले क्षेत्र भी विकास से वंचित नहीं रहेंगेः प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली
महम, गिरीश सैनी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 5 अप्रैल को महम की अनाज मंडी में प्रस्तावित महम चौबीसी विकास रैली को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे महम विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहनलाल बड़ौली ने स्थानीय काठ मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता में ये जानकारी देते हुए कहा कि भाजपा की सरकारों ने हरियाणा सहित पूरे देश में 2014 से विकास को राजनीति से ऊपर रखते हुए जनहित के कार्य किये हैं। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार द्वारा प्रदेश की सभी 90 विधानसभाओं में समान विकास सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया है। जहां भाजपा का विधायक नहीं है, वहां भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक सक्रिय भूमिका निभाते हुए इस रैली को ऐतिहासिक बनाएं।
राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि ये रैली केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास उत्सव होगी, जो महम के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इस दौरान प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक, जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, महंत सतीश दास सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षद, सरपंच, पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Girish Saini 

