वेतन के लिए बीपीएसएमवी शिक्षकों-कर्मचारियों का आंदोलन तेज।

महिला कर्मियों का अनूठा विरोध, 90 विधायकों को राखी भेजकर मांगा स्थायी समाधान।

वेतन के लिए बीपीएसएमवी शिक्षकों-कर्मचारियों का आंदोलन तेज।

रोहतक/गोहाना, गिरीश सैनी। वेतन को लेकर बीपीएस महिला विवि, खानपुर (बीपीएसएमवी) के शिक्षकों व कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन बुधवार को दूसरे दिन भी विवि के मुख्य द्वार पर जारी रहा। शिक्षक संघ और महिला विवि कर्मचारी संघर्ष समिति के संयुक्त नेतृत्व में चल रहे आंदोलन में कर्मचारियों ने वेतन नियमितीकरण और समय पर भुगतान के लिए सरकार से पर्याप्त वार्षिक बजट की मांग उठाई।

आंदोलन के दूसरे दिन महिला कर्मचारियों ने अनोखे तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने हरियाणा विधानसभा के सभी 90 विधायकों को राखी भेजी। राखी के साथ विधायकों से इस शिक्षण संस्था को आर्थिक बदहाली से बचाने और कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्या के स्थायी समाधान के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की गई।

कर्मचारियों ने कहा कि विवि में वेतन का समय पर भुगतान नहीं होना सबसे गंभीर समस्या बन चुका है। उनका आरोप है कि विवि प्रशासन वेतन में देरी के कारणों को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा है। विवि की ओर से अनुदान की कमी का हवाला दिया जाता है, लेकिन लंबित वेतन के भुगतान और भविष्य में नियमित वेतन सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

धरने को विवि के विभिन्न विभागों की छात्राओं ने भी समर्थन दिया। छात्राओं ने कहा कि जब उनके शिक्षकों और कर्मचारियों को वेतन के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है तो वे मूकदर्शक नहीं रह सकतीं। विवि के खरल (जींद) और कृष्ण नगर (रेवाड़ी) स्थित क्षेत्रीय केंद्रों पर भी कर्मचारियों ने धरना दिया। आंदोलन को शिक्षक, गैर-शिक्षक, नियमित, संविदा, एचकेआरएन कर्मचारियों और छात्राओं का समर्थन मिलने का दावा किया गया है।

शिक्षकों व कर्मचारियों ने राज्य सरकार से विवि को लंबित अनुदान तत्काल जारी करने तथा मार्च 2027 तक पूरे वित्तीय वर्ष के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही भविष्य के वित्तीय वर्षों के लिए भी प्रतिवर्ष पर्याप्त एकमुश्त बजट निर्धारित करने की मांग रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने और वेतन समस्या का स्थायी समाधान होने तक उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।