भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने एसआईआर पर कांग्रेस को घेरा, 2009 के चुनाव में डीसी की भूमिका पर उठाए सवाल

रोहतक में डॉ अर्चना गुप्ता बोलीः आपातकाल के इतिहास पर जवाब दे कांग्रेस, ईवीएम पर विपक्ष के रुख पर भी साधा निशाना

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने एसआईआर पर कांग्रेस को घेरा, 2009 के चुनाव में डीसी की भूमिका पर उठाए सवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कांग्रेस से अपने इतिहास पर जवाब देने की मांग की। साथ ही, 2009 के लोकसभा चुनाव में दीपेंद्र सिंह हुड्डा को तत्कालीन डीसी से मिली कथित मदद को लेकर भी सवाल उठाए।

सोमवार को भाजपा कार्यालय मंगल कमल में पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. गुप्ता ने एसआईआर के विरोध पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों से मृत, स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों वाले नामों की पहचान जरूरी है। पात्र मतदाताओं को फॉर्म-6 के जरिए नाम जुड़वाने का अवसर उपलब्ध है। इस दौरान प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, सत्यप्रकाश जरावता, और प्रदेश मीडिया सहप्रभारी शमशेर खरक भी मौजूद रहे।

ईवीएम पर विपक्ष के सवालों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजों को लेकर अलग-अलग रुख अपनाना उचित नहीं है। उन्होंने पूछा कि यदि ईवीएम में गड़बड़ी थी, तो 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सीटें 99 कैसे हुईं।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पत्रकार वार्ताओं और पदयात्राओं के माध्यम से एसआईआर की प्रक्रिया के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे। युवाओं से जुड़े एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पीएम मोदी लगातार देश के युवाओं से संवाद कर रहे हैं। वहीं, हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी निरंतर संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं से मुखातिब हैं।