भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी और चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक सुभाष बराला ने पदाधिकारियों से की चुनाव प्रबंधन पर चर्चा

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी और चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक सुभाष बराला ने पदाधिकारियों से की चुनाव प्रबंधन पर चर्चा

रोहतक, गिरीश सैनी। लोकसभा चुनाव के निमित्त भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी और प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक सुभाष बराला ने रोहतक के एक होटल में चुनाव प्रबंधन समिति के सभी पदाधिकारियों के सामने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा रखी।  

प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने बताया कि पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को किस तरह से ऐतिहासिक जीत के लिए आगे बढ़ना है। प्रबंधन समिति के संयोजक सुभाष बराला ने आगामी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी रखी। प्रबंधन समिति के सह संयोजक असीम गोयल ने संकल्प पत्र के लिए सुझाव एकत्रित करने के विषय को सबके सामने रखा। युवा मोर्चा को नव मतदाताओं सम्मेलन करने के लिए कहा गया है, वहीं महिला मोर्चा को जिला स्तर और विधानसभा स्तर पर नारी शक्ति वंदन मैराथन करने के लिए बोला गया है। महिला मोर्चा ने सोमवार को सभी जिलों में नारी शक्ति वंदन मैराथन का आयोजन किया। मंगलवार को भी विधानसभा स्तर पर नारी शक्ति वंदन मैराथन आयोजित होगी, जिसमें साइकिल, पैदल और स्कूटी से भी महिलाओं के द्वारा यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद प्रधानमंत्री 6 मार्च को कोलकाता से नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के तहत अपना संबोधन रखेंगे, उसे हरियाणा में सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुनने के लिए भी भाजपा ने एलईडी लगाने का प्रबंध किया जाएगा। 

एससी मोर्चा को समाज के प्रतिभावान लोगों के सम्मान कार्यक्रम आयोजित करने का काम दिया गया है। इसी तरह ओबीसी मोर्चा, किसान मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा को भी समाज के विभिन्न वर्गों और बस्तियों में जाकर लोगों से संपर्क के विभिन्न कार्यक्रम करने का काम सौंपा गया है ताकि केंद्र की मोदी और हरियाणा की मनोहर सरकार द्वारा लागू कल्याणकारी योजनाओं को हरेक व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।

प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने बताया कि 6 मार्च को करनाल में सुबह साढ़े नौ बजे नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता ज्यादा से ज्यादा लोगों से संपर्क कर उनसे प्रधानमंत्री मोदी के लिए वोट कराने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं के दम पर हर बूथ को जीतेंगे। चुनाव प्रबंधन समिति संयोजक सुभाष बराला ने कहा कि हर कार्यकर्ता आपस में समन्वय करके अपने दायित्व को निभा रहा है। बैठक में क्लस्टर प्रभारी सांसद कृष्ण लाल पंवार, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री अर्चना गुप्ता आदि भी मौजूद रहे।