खड़गे की टिप्पणी पर भाजपा का पलटवार, राहुल-सोनिया से मांगा जवाब
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने पीएम के दिवंगत पिता पर टिप्पणी को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, कहा—राजनीति में भाषा की मर्यादा जरूरी
रोहतक, गिरीश सैनी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई टिप्पणी के विरोध में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में सोमवार को रोहतक में विरोध मार्च निकाला गया। किशनपुरा स्थित भाजपा लोकसभा कार्यालय से शुरू हुआ मार्च बस स्टैंड के निकट पं. श्रीराम शर्मा पार्क पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ रोष जताया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राजनीतिक मतभेद किसी के दिवंगत पिता का अपमान करने का अधिकार नहीं देते। लोकतंत्र में विरोध नीतियों और कार्यों के आधार पर होना चाहिए, न कि किसी के परिवार को निशाना बनाकर। उन्होंने खड़गे की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए राहुल गांधी और सोनिया गांधी से इस पर जवाब मांगा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि यह टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनसेवा और सुशासन को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में युवा, महिला, किसान और गरीब सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने कांग्रेस से व्यक्तिगत टिप्पणियों के बजाय सरकार की नीतियों और कार्यों पर तथ्यपूर्ण चर्चा करने की अपील की। विरोध मार्च में पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी शमशेर खरक सहित काफी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Girish Saini

