सेवा सेतु शिविरों में मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभः डीसी
पात्र नागरिकों का मौके पर पंजीकरण, 15 अक्टूबर तक जिलेभर में होंगे शिविर
रोहतक, गिरीश सैनी। गरीब और जरूरतमंद परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उपायुक्त सतबीर सिंह ने पात्र नागरिकों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
गांव चिड़ी में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने भागीदारी करते हुए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीकरण कराया। उपायुक्त ने बताया कि सेवा सेतु मॉड्यूल का उद्देश्य पात्र लोगों को उनके घर-द्वार के नजदीक सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। संबंधित विभागों की ओर से शिविरों में स्टॉल लगाकर मौके पर पंजीकरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को चांदी, 1 व 2 अक्टूबर को कलानौर, 3 अक्टूबर को काहनौर और 5 अक्टूबर को बनियानी में शिविर होंगे। इसके बाद 6 व 7 अक्टूबर को सांपला, 8 को इस्माईला और 9 को खरावड़ में शिविर आयोजित होंगे।
महम क्षेत्र में 12 व 13 अक्टूबर को बीडीपीओ कार्यालय, 14 अक्टूबर को मोखरा और 15 अक्टूबर को फरमाणा में शिविर लगेंगे। उपायुक्त ने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करना है।

Girish Saini

