सेवा सेतु शिविरों से घर-द्वार तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ

15 अक्टूबर तक जारी रहेंगे शिविर, सांपला में पात्र लोगों का पंजीकरण

सेवा सेतु शिविरों से घर-द्वार तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ

रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु मॉड्यूल के माध्यम से पात्र नागरिकों को उनके घर-द्वार के नजदीक जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि नगर निकाय एवं खंड स्तर पर आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करना है।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को सांपला नगर पालिका क्षेत्र के नागरिकों के लिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में सेवा सेतु शिविर लगाया गया। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर पात्र लोगों का पंजीकरण किया तथा अनेक लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

उपायुक्त ने बताया कि 7 अक्तूबर को सांपला खंड के गांवों के लिए इसी कार्यालय में शिविर होगा। 8 अक्टूबर को इस्माइला-9बी स्थित शिव मंदिर के समीप चौपाल तथा 9 अक्टूबर को खरावड़ की चौपाल में शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविरों का आयोजन 15 अक्टूबर तक जारी रहेगा।