सेवा सेतु शिविरों में मौके पर मिल रहा योजनाओं का लाभ

15 अक्टूबर तक निर्धारित स्थलों पर लगेंगे शिविर, डीसी ने पात्र नागरिकों से लाभ उठाने की अपील की

सेवा सेतु शिविरों में मौके पर मिल रहा योजनाओं का लाभ

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में खंड व नगर निगम स्तर पर सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं का मौके पर लाभ देने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि सोमवार को गांव बनियानी में सेवा सेतु शिविर लगाया गया, जहां नागरिकों का उनकी पात्रता के अनुसार योजनाओं व सेवाओं के लिए पंजीकरण किया गया। उपायुक्त ने नागरिकों से शिविरों में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने बताया कि सांपला नगरपालिका क्षेत्र के लिए 6 अक्टूबर को बीडीपीओ कार्यालय सांपला में शिविर होगा। सांपला खंड में 7 अक्टूबर को बीडीपीओ कार्यालय, 8 अक्टूबर को इस्माईला-9बी की चौपाल और 9 अक्टूबर को खरावड़ की चौपाल में शिविर लगेगा।

महम नगर पालिका के लिए 12 अक्टूबर तथा महम खंड के लिए 13 अक्टूबर को बीडीपीओ कार्यालय, 14 अक्टूबर को मोखरा की चौपाल और 15 अक्टूबर को फरमाणा की ब्राह्मण धर्मशाला में शिविर आयोजित होगा।