बीपीएसएमवी में बीबीए (इंडस्ट्री इंटीग्रेटेड) कोर्स शुरू
उद्योग प्रशिक्षण से मिलेगा रोजगार का व्यावहारिक अनुभव।
रोहतक/गोहाना, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बीपीएसएमवी, खानपुर में बीबीए (इंडस्ट्री इंटीग्रेटेड) कोर्स शुरू किया गया है। प्रबंधन अध्ययन विभाग का यह कार्यक्रम अप्रेंटिसशिप एम्बेडेड डिग्री प्रोग्राम के तहत संचालित होगा। विवि की 32वीं शैक्षणिक परिषद (एसी) की बैठक में इसे मंजूरी दी गई।
प्रबंधन अध्ययन विभागाध्यक्षा प्रो. अंशु भारद्वाज ने कहा कि ये कोर्स शिक्षा और उद्योग के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करेगा। उद्योग-अनुकूल पाठ्यक्रम, कौशल विकास, व्यावहारिक प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन और मेंटरिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कोर्स के माध्यम से छात्राओं को -लर्न, अर्न एंड ग्रो की अवधारणा से जोड़ते हुए शिक्षा, कौशल और व्यावहारिक अनुभव का समन्वित अवसर प्रदान किया जाएगा।
प्रो. अंशु भारद्वाज ने कहा कि एनईपी-2020 के अनुरूप तैयार इस कोर्स का उद्देश्य छात्राओं को अकादमिक शिक्षा के साथ उद्योग आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर रोजगारोन्मुखी कौशल विकसित करना है। कार्यक्रम के पहले दो वर्षों में छात्राओं को विवि परिसर में शिक्षा दी जाएगी, जबकि अंतिम वर्ष में संबंधित उद्योगों एवं संस्थानों में अप्रेंटिसशिप का अवसर मिलेगा।
कुलपति प्रो. सुदेश ने कहा कि यह पहल शिक्षा को कौशल और रोजगार से जोड़ने की दिशा में एख महत्वपूर्ण कदम है। उद्योग का वास्तविक अनुभव छात्राओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद करेगा।
Girish Saini 

