बीएमयू में रैगिंग के खिलाफ जागरूकता व्याख्यान
रैगिंग पर सख्ती: विद्यार्थियों को बताए कानूनी प्रावधान और दुष्परिणाम
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर को रैगिंग मुक्त परिसर बनाने के उद्देश्य से एक जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। एंटी-रैगिंग कमेटी, फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट एंड कॉमर्स तथा कंप्यूटर साइंस एंड एप्लीकेशन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में विधि विभाग की डॉ. शिवानी ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया।
उन्होंने रैगिंग के विभिन्न स्वरूपों, कानूनी प्रावधानों और इसके मानसिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को शिक्षण संस्थान में सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिलना चाहिए। विद्यार्थियों को रैगिंग से दूर रहने तथा ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. अनिल कनवा ने किया। सह-संयोजक डॉ. सविता लठवाल और आयोजन सचिव डॉ. नेहा गाबा ने समन्वय किया। इस दौरान डॉ. जसप्रीत दहिया, डॉ. ज्योति, डॉ. हेमा सिंगला और डॉ. सुमन पहल सहित अन्य मौजूद रहे।

Girish Saini

