साइबर अपराध से बचाव का कवच है जागरूकताः डॉ. पूजा
बीएमयू में डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर अपराध रोकथाम पर विशेष व्याख्यान।
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के विधि संकाय के साइबर सेल एवं लीगल एड क्लब द्वारा आइक्यूएसी के सहयोग से -साइबर अपराधों की रोकथाम एवं डिजिटल सुरक्षा विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन कुलपति प्रो. बी.एम. यादव एवं कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में हुआ।
केंद्रीय विवि, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) की डॉ. पूजा ने बतौर मुख्य वक्ता विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान और सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों का खतरा भी बढ़ रहा है। ऐसे में डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग जरूरी है।
उन्होंने साइबर फ्रॉड, डेटा सुरक्षा, ऑनलाइन प्राइवेसी, पहचान की चोरी, फर्जी लिंक और साइबर कानूनों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की और विद्यार्थियों को मजबूत पासवर्ड रखने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी व बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करने तथा सोशल मीडिया पर निजी सूचनाएं डालते समय सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
प्रारंभ में डॉ. प्रमिला ने स्वागत संबोधन किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम संयोजक एवं विधि संकाय के डीन डॉ. मनीष दलाल और विभागाध्यक्ष डॉ. रितु ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि डिजिटल जीवन का सुरक्षा कवच है। इस दौरान डॉ. सोनिया, डॉ. अन्नू, डॉ. अमित दलाल, डॉ. जयंत, लीगल एड क्लब अध्यक्ष हर्ष सैनी, सचिव रितेश यादव सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

