बेघर एवं बेसहारा व्यक्तियों के सुरक्षित रात्रि ठहराव के लिए रैन बसेरों का प्रबंधः निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम के आयुक्त डा. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि नगर निगम द्वारा शहर में बेघर एवं बेसहारा व्यक्तियों को सुरक्षित ठहराव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अस्थाई रैन बसेरों का प्रबंध किया गया है। शीत ऋतु के दौरान किसी भी व्यक्ति को खुले में रात बितानी न पड़े, इसके लिए निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग-अलग रैन बसेरों की व्यवस्था की है। इन रैन बसेरों में ठहरने की सुविधा पूर्णतः निःशुल्क है तथा भोजन, गर्म कपड़े, शौचालय, साफ-सफाई आदि की व्यवस्था की गई है।
निगमायुक्त ने बताया कि नया बस स्टैंड परिसर में पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग-अलग रैन बसेरों का प्रावधान किया गया है। पोर्टा केबिन (पुरुष एवं महिला) के लिए पुराना बस स्टैंड नजदीक पुलिस स्टेशन, सामुदायिक केन्द्र गांधी कैंप में भी (पुरुष एवं महिला) रैन बसेरे का संचालन किया जा रहा है। पुराना बस स्टैंड के पास बनाए गए रैन बसेरे का संचालन जन सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा है।
इन रैन बसेरों में लगभग 150 व्यक्तियों के ठहराव की व्यवस्था है, जिसे आवश्यकतानुसार बढ़ाया भी जा सकता है। रैन बसेरों में जरूरतमंद पुरुषों व महिलाओं को रात्रि ठहराव के लिए सभी सुविधाएं प्रदान करने और कंबल, गद्दे आदि की पूर्ण व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए है। रैन बसेरों में किसी प्रकार की असुविधा न होने तथा उनकी निरंतर निगरानी के भी निर्देश दिए गए हैं। निगम आयुक्त ने आमजन से अपील की है कि शहर में कोई भी व्यक्ति खुले में ठंड में सोता दिखाई दे तो उसे निकटतम रैन बसेरे तक पहुंचाने में सहयोग करें।

Girish Saini 

