सीआरएम योजना के तहत 760 किसानों के आवेदन, ऑनलाइन ड्रॉ से सुपर सीडर-बेलिंग मशीन के लाभार्थी चुनेः नगराधीश

सीआरएम योजना के तहत 760 किसानों के आवेदन, ऑनलाइन ड्रॉ से सुपर सीडर-बेलिंग मशीन के लाभार्थी चुनेः नगराधीश

रोहतक, गिरीश सैनी। फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) योजना के तहत अनुदान पर कृषि यंत्र देने के लिए वीरवार को लघु सचिवालय में ऑनलाइन ड्रा ऑफ लॉट्स की प्रक्रिया पूरी हुई। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित ड्रॉ की अध्यक्षता नगराधीश शुभम ने की।

नगराधीश ने बताया कि योजना के तहत जिले से कुल 760 किसानों ने आवेदन किया था। इनमें अनुसूचित जाति वर्ग के सभी चार पात्र किसानों के चार आवेदन अनुदान के लिए स्वीकृत किए गए हैं। सामान्य श्रेणी में 756 किसानों ने आवेदन किया था, जिनमें 721 आवेदन सुपर सीडर और 16 आवेदन बेलिंग मशीन के लिए थे।

उन्होंने बताया कि सुपर सीडर के 123 और बेलिंग मशीन के तीन लक्ष्य प्राप्त हुए थे। इन लक्ष्यों के लिए लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से किया गया। साथ ही कुल लक्ष्यों के 30 प्रतिशत की प्रतीक्षा सूची भी तैयार की गई है। अन्य कृषि यंत्रों के लिए आवेदन करने वाले शेष पात्र किसानों के आवेदनों को भी अनुदान के लिए चयनित किया गया है।

चयनित किसानों के दस्तावेजों की ऑनलाइन जांच होगी और 25 अगस्त तक अप्रूवल/परमिट जारी किए जाएंगे। किसान पोर्टल से परमिट डाउनलोड कर 10 सितंबर तक कृषि यंत्र खरीद सकेंगे। प्रशासन ने किसानों से समय पर दस्तावेज सत्यापन पूरा कराने और निर्धारित अवधि में खरीद सुनिश्चित करने की अपील की है।