एआई बूट कैंप में सिखाए विद्यार्थियों को तकनीक के गुर
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के सेंटर फॉर बायो इंफॉर्मेटिक्स एंड टेक्नोलॉजी (सीबीटी) में विद्यार्थियों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और जनरेटिव एआई पर बूट कैंप आयोजित किया गया। नैसकॉम के सहयोग से हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को एआई की अवधारणा, उपयोग और बदलते तकनीकी परिदृश्य में इसकी भूमिका से अवगत कराया गया।
नैसकॉम के जतिन ने एआई के विभिन्न पहलुओं और व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए जटिल तकनीकी अवधारणाओं को सरल तरीके से समझाया।
सीसीपीसी निदेशिका प्रो. दिव्या मल्हान ने विद्यार्थियों को नई तकनीकों के अनुरूप अपने तकनीकी और डिजिटल कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम बदलती रोजगार आवश्यकताओं के लिए विद्यार्थियों को तैयार करने में मददगार हैं।
कार्यक्रम में सीसीपीसी टीम के साथ सीबीटी निदेशक एवं समन्वयक प्रो. रितु गिल और प्रो. सरबजीत गिल मौजूद रहे। प्रो. रितु गिल ने कहा कि बूट कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों को एआई के व्यावहारिक उपयोगों से परिचित कराना और भविष्य की तकनीकी जरूरतों के लिए तैयार करना है।

Girish Saini

