मीडिया में करियर के लिए एआई और डिजिटल स्किल जरूरीः प्रो. अशोक

पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में विशेष संवाद कार्यक्रम।

मीडिया में करियर के लिए एआई और डिजिटल स्किल जरूरीः प्रो. अशोक

रोहतक, गिरीश सैनी। बदलते मीडिया दौर में अब सिर्फ पत्रकारिता की डिग्री पर्याप्त नहीं है। मीडिया में बेहतर करियर के लिए विद्यार्थियों को एआई समेत डिजिटल और फ्यूचर रेडी स्किल्स सीखनी होंगी। ये विचार हरियाणा केंद्रीय विवि, महेंद्रगढ़ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्रोफेसर डॉ. अशोक कुमार ने एमडीयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि बदलते न्यूजरूम में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया का एकीकरण हो रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को वीडियो एडिटिंग, ग्राफिक्स-एनिमेशन, वेब एल्गोरिदम और पॉडकास्टिंग जैसी नई विधाओं में दक्षता हासिल करनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित समाचार पत्र पढ़ने, लिखने का अभ्यास करने और बदलते साइबर वर्ल्ड में मल्टीटास्कर बनने की सलाह दी।

विभागाध्यक्ष प्रो. गुलाब सिंह ने प्रो. अशोक कुमार का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। प्राध्यापक सुनित मुखर्जी ने कार्यक्रम का संचालन किया। डॉ. नवीन कुमार और डॉ. बेनुल तोमर ने भी विचार रखे। इस दौरान वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो हरीश कुमार, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

इस दौरान 19 अगस्त को विश्व फोटोग्राफी दिवस पर आयोजित मोबाइल फोटोग्राफी प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए गए। एमए प्रीवियस की छात्रा अंजू ने पहला, एमए फाइनल के छात्र स्कन्द ने दूसरा और एमए प्रीवियस की छात्रा प्रीति ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रो. अशोक कुमार ने विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।