सड़क किनारे वाहन खड़े करने पर होगी कार्रवाईः डीसी सतबीर सिंह बरम होंगे मजबूत
ले-बाय में ही खड़े करने होंगे भारी वाहन, बरम मजबूत करने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने के निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सड़क किनारे बने बरम मजबूत किए जाएंगे और भारी वाहनों की निर्धारित ले-बाय में पार्किंग सुनिश्चित होगी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सड़क सुरक्षा संबंधी निर्देशों की समयबद्ध अनुपालना करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई समीक्षा बैठक के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान कर रोकथाम के ठोस उपाय किए जाएं। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप नहीं होने और निर्धारित ले-बाय के बजाय सड़क किनारे वाहन खड़े करने से हादसों का खतरा बढ़ता है। पुलिस ऐसे मामलों पर निगरानी रखे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।
उन्होंने सड़कों पर सफेद पट्टियां, यातायात संकेतक और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। अधिक पैदल आवाजाही वाले स्थानों पर फुट ओवरब्रिज की संभावनाएं तलाशने तथा जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित नगर निगम आयुक्त सत्येंद्र दुहन, सचिव आरटीए वीरेंद्र ढुल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini

